शाहाबाद कोतवाली में आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस, तीन शिकायतों में एक का मौके पर निस्तारण
मुस्तफा अली एडवोकेट
शाहाबाद, रामपुर। शासन के निर्देशानुसार माह के दूसरे शनिवार को शाहाबाद कोतवाली परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी आशुतोष कुमार तथा क्षेत्राधिकारी देवकी नंदन ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
थाना समाधान दिवस के दौरान कुल तीन शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष दो शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उप जिलाधिकारी आशुतोष कुमार ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान कराना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
क्षेत्राधिकारी देवकी नंदन ने भी पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शिकायतों का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।
सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुआ थाना समाधान दिवस दोपहर 2 बजे तक चला। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक, उप निरीक्षकगण, पुलिस बल के अन्य कर्मचारी तथा तहसील प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौजूद कर्मचारियों को जनता से संवेदनशील व्यवहार करने और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
