IMG-20260614-WA0043
BY: ब्यूरो चीफ   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sun, 14 Jun 2026 22:15 GMT+0530

सपा कार्यालय उद्घाटन के बाद घमासान, कार्यकर्ता सहमत नहीं राष्ट्रीय सचिव घनेन्द्र यादव ने विजय सिंह पर साधा निशाना

मुस्तफा अली एडवोकेट 

शाहबाद समाजवादी पार्टी का नया कार्यालय खुलने से पहले ही शाहबाद की सियासत गरमा गई है। सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव एवं अधिवक्ता घनेन्द्र यादव ने पूर्व विधायक विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके नेतृत्व और कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
घनेन्द्र यादव ने जारी बयान में कहा कि रामपुर चौराहा स्थित सपा कार्यालय का उद्घाटन किया जाना स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों, फ्रंटल संगठनों के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों को आमंत्रित न करना पूर्व विधायक विजय सिंह एवं शाहबाद के एक वरिष्ठ सपा कार्यकर्ता की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक विजय सिंह संगठन की अनदेखी कर व्यक्तिगत राजनीति कर रहे हैं, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में विजय सिंह का लगातार विरोध बढ़ रहा है और जनता अब समाजवादी पार्टी में नए चेहरे तथा नए उम्मीदवार की मांग कर रही है।
घनेन्द्र यादव ने यह भी कहा कि कार्यालय पर लगाए गए बैनरों में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल तथा रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के चित्र तक नहीं लगाए गए, जो पार्टी नेतृत्व के प्रति सम्मान की कमी को दर्शाता है। उन्होंने इसे संगठन की भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशैली पार्टी में गुटबाजी को बढ़ावा दे रही है।
राष्ट्रीय सचिव ने पूर्व विधायक विजय सिंह के कार्यक्रम और उनकी कार्यशैली का खुलकर विरोध करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं और संगठन की पार्टी है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मामले का संज्ञान लेकर संगठनात्मक एकता बनाए रखने की मांग की।
राजनीतिक गलियारों में इस बयान के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के बाद ही सपा के भीतर मतभेद खुलकर सामने आते दिखाई दे रहे हैं।
धनेंद्र यादव ने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है जिसमें उन्होंने पूर्व विधायक विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।