Oplus_131072
यामाहा एजेंसी के मैनेजर की दिनदहाड़े हत्या, CCTV में कैद हुई सनसनीखेज वारदात
दरभंगा (बिहार)। जिले के एपीएम थाना क्षेत्र स्थित चंदन पट्टी चौक में शुक्रवार शाम एक यामाहा एजेंसी के मैनेजर की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदन पट्टी चौक स्थित यामाहा एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत मोहम्मद फैज़ अहमद शुक्रवार शाम करीब पांच बजे नमाज अदा कर शोरूम लौटे थे। बताया जाता है कि वह अपने कार्यालय में कंप्यूटर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक, जिसकी पहचान सोनू पासवान के रूप में बताई जा रही है, हाथ में लोहे की रॉड लेकर शोरूम के अंदर दाखिल हुआ।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी ने बिना किसी बातचीत या विवाद के सीधे फैज़ अहमद पर हमला कर दिया। उसने लोहे की रॉड से उनके चेहरे और सिर पर कई ताबड़तोड़ वार किए। अचानक हुए हमले से संभलने का मौका भी नहीं मिला और गंभीर रूप से घायल होकर फैज़ अहमद कुर्सी पर ही गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों और फुटेज के आधार पर बताया जा रहा है कि हमलावर का गुस्सा यहीं नहीं थमा। वह कुछ क्षण बाद दोबारा लौटा और शोरूम में मौजूद कैंची उठाकर घायल मैनेजर की गर्दन पर कई वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी बड़ी बेफिक्री से शोरूम से बाहर निकला और बाहर खड़ी स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।
घटना के कुछ समय बाद जब अन्य कर्मचारी शोरूम में पहुंचे तो उन्होंने मैनेजर को खून से लथपथ हालत में पाया। इसके बाद तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस नृशंस हत्या की घटना से स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े शोरूम के भीतर हुई इस खौफनाक हत्या ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा सीसीटीवी वीडियो घटना की भयावहता को साफ तौर पर दर्शा रहा है।
