25 हजार का इनामी गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा व बाइक समेत गिरफ्तार
संवाददाता : मुस्तफा अली एडवोकेट
शाहाबाद (रामपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहाबाद पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना शाहाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 140/2026, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत गैंग लीडर सुभान पुत्र सलामत निवासी मोहल्ला नालापार, शाहाबाद तथा गैंग सदस्य परवेज उर्फ परवेश, नन्हे, महफूज और शरीफ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अभियुक्त नन्हे और महफूज पहले से जिला कारागार रामपुर में निरुद्ध हैं, जबकि परवेज उर्फ परवेश को गत 1 जून 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं शरीफ पुत्र सूखा और सुभान पुत्र सलामत पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक रामपुर ने दोनों वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शाहाबाद के पर्यवेक्षण में रविवार को थाना शाहाबाद पुलिस एवं एसओजी टीम संयुक्त रूप से वांछित अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी।
बताया गया कि ग्राम खंजीपुरा से ग्राम नादरगंज जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का आरोप है कि घिरता देख अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शरीफ पुत्र सूखा निवासी ग्राम ओसी, थाना शाहाबाद, जनपद रामपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई।
घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना शाहाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 153/2026, धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी
– एसओजी टीम, जनपद रामपुर
– उपनिरीक्षक कपिल कुमार
– उपनिरीक्षक अतिशय जैन
– हेड कांस्टेबल धीरज कुमार
– हेड कांस्टेबल नरदेव सिंह
– कांस्टेबल राहुल कुमार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार चल रहे अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
