जिला कारागार मुरादाबाद में पुस्तकालय स्थापना एवं अंतर्राष्ट्रीय योग शिविर को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
मुस्तफा अली एडवोकेट
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संरक्षित एवं जेल मैनुअल के अंतर्गत कार्यरत उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति, लखनऊ के यशस्वी चेयरमैन माननीय कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार समिति के पदाधिकारियों ने जिला कारागार मुरादाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक विजेंद्र सिंह से औपचारिक मुलाकात की।
बैठक के दौरान आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रस्तावित योग शिविर तथा जिला कारागार मुरादाबाद में पुस्तकालय की स्थापना को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। समिति के पदाधिकारियों ने कारागार में बंदियों के बौद्धिक एवं नैतिक विकास के लिए पुस्तकालय स्थापना को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए शीघ्र ही इस दिशा में कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया।
समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि जनपद मुरादाबाद इकाई के सहयोग से जिला कारागार में पुस्तकालय की स्थापना शीघ्र कराई जाएगी, जिससे बंदियों को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साहित्य उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग शिविर में भी समिति की ओर से पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में कारागार प्रशासन एवं समिति के पदाधिकारियों ने योग और पुस्तकालय जैसी रचनात्मक गतिविधियों को बंदियों के व्यक्तित्व विकास एवं सकारात्मक परिवर्तन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर मेरठ-बरेली जोन सचिव जी.के. पाठक, जिला सचिव डॉ. अशोक कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष डिंपल सागर तथा संयुक्त सचिव डॉ. प्रतिभान सिंह यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
