शाहबाद पुलिस ने, सड़क दुर्घटना में घायल बेजुबान बिजार का कराया उपचार
मुस्तफा अली एडवोकेट
शाहबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम रमपुरा में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक बेजुबान पशु गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पशु के पिछले पैर की हड्डी टूट गई तथा नसें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही शाहबाद थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर ओमकार पवार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए चिकित्सक को बुलवाया और घायल पशु का उपचार शुरू कराया। पुलिस की तत्परता से पशु को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी।
वहीं पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक और उसके चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के इस संवेदनशील एवं सराहनीय कार्य की ग्रामीणों ने जमकर प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने न केवल कानून व्यवस्था का पालन किया, बल्कि एक बेजुबान जीव की जान बचाने के लिए भी मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।
घटना के समय बजरंग दल के कार्यकर्ता नितिन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस की इस पहल को क्षेत्र में सराहना मिल रही है।
