दिव्यांग की चाय की टपरी हटाने पर उठे सवाल, एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
शाहबाद/रामपुर। 24 अक्टूबर 2026 मोहल्ला फर्राशान निवासी दिव्यांग शुऐब पुत्र शबाब ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। उसने नगर पालिका परिषद शाहबाद पर चंदौसी चौराहे के पास लगी उसकी चाय की टपरी हटाने का आरोप लगाते हुए उसे दोबारा लगवाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में शुऐब ने बताया कि वह चंदौसी चौराहे पर सिंचाई विभाग की दीवार के पास चाय की टपरी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसका कहना है कि वह गरीब और दिव्यांग है तथा उस पर अपनी पांच बहनों सहित परिवार की जिम्मेदारी है। चाय की टपरी ही उसकी आजीविका का प्रमुख साधन थी।
पीड़ित का आरोप है कि नगर पालिका ने उसकी टपरी हटवा दी, जबकि रामपुर चौराहे से बिलारी बस स्टैंड तक कई स्थानों पर अतिक्रमण होने के बावजूद अन्य लोगों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। उसने कार्रवाई में भेदभाव किए जाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से मामले की जांच कराने और चाय की टपरी दोबारा लगवाने के लिए उचित आदेश जारी करने की मांग की है।
