IMG-20261024-WA0073
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Sat, 24 Oct 2026 23:02 GMT+0530

वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर अवकाश का पालन कराने की मांग, भावाधस ने सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। 24 अक्टूबर 2026 भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर शासन द्वारा घोषित सार्वजनिक अवकाश का कड़ाई से पालन कराने की मांग को लेकर भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (भावाधस) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तहसील पहुंचकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आनंद कुमार कन्नौजिया को सौंपा।
प्रदेश सचिव प्रेम नरेश वाल्मीकि के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि 26 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर शासन ने सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके बावजूद कुछ शिक्षण संस्थानों में अवकाश का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आती हैं। संगठन ने इसे शासनादेश की अवहेलना बताते हुए प्रशासन से ऐसे संस्थानों पर नजर रखने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि भगवान वाल्मीकि रामायण के रचयिता हैं और उनका प्रकटोत्सव समाज के लिए आस्था एवं श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे अवसर पर घोषित अवकाश का पालन नहीं होने से संबंधित समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
भावाधस ने प्रशासन से सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संगठन शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेगा।
एसडीएम आनंद कुमार कन्नौजिया ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान जिला महामंत्री कुलदीप वाल्मीकि, मंडल सचिव परवेश वाल्मीकि, तहसील अध्यक्ष राजू नरेश वाल्मीकि, कुनाल राजीव वाल्मीकि, अनुजराज वाल्मीकि, सोनू वाल्मीकि, आदर्श नरेश, अमर नरेश और साजन वाल्मीकि सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।