टांडा में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता, मोनिस और निसबा ने दौड़ में मारी बाजी
टांडा/रामपुर। 24 अक्टूबर 2026 मनसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय खेल एवं शैक्षिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान दौड़ और कबड्डी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राजवीर सिंह मौजूद रहे।
जूनियर बालक वर्ग की 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में रामनगर के मोनिस ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में जालपुर की इरम ने बाजी मारी, जबकि 200 और 400 मीटर दौड़ में जहांगीरपुर की निसबा प्रथम रहीं।
प्राथमिक स्तर के बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में दढ़ियाल के अल्फेज ने पहला स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में चंदूपुरा के केशव, 200 मीटर में अल्फेज और 400 मीटर दौड़ में धनपुरा के सचिन विजेता बने। बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में धनपुरा की शेरबानो ने प्रथम स्थान हासिल किया। 100 और 400 मीटर दौड़ में भोट की निधि ने जीत दर्ज की, जबकि 200 मीटर दौड़ में धनपुरा की दीपिका प्रथम रहीं।
कबड्डी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में दढ़ियाल की टीम विजेता रही, जबकि बालिका वर्ग में धनपुरा की टीम ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
