राणा शुगर मिल की गोष्ठी में 300 किसानों ने लिया भाग, गन्ने की लागत घटाने और बेहतर पैदावार के बताए तरीके
शाहबाद। 24 अक्टूबर 2026 राणा शुगर मिल शाहबाद की ओर से एक दिवसीय गन्ना गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें करीब 300 किसानों ने भाग लिया। गोष्ठी में किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई के महत्व, उन्नत तकनीकों और नई गन्ना प्रजातियों की विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन उप गन्ना प्रबंधक सत्यवीर सिंह ने किया।
गन्ना शोध संस्थान शाहजहांपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं सलाहकार निदेशक डॉ. प्रवीन कपिल ने किसानों को को.0118, को.लख.14201 और को.शा.13235 प्रजातियों की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने नई प्रजातियों को.20016 और को.शा.23232 की जानकारी देते हुए बताया कि इन दोनों प्रजातियों में को.0238 के बराबर पैदावार देने की क्षमता है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर गन्ने की खेती करने और शरदकालीन बुवाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
गोष्ठी को मिल के उपाध्यक्ष अमर शर्मा, बिलारी के उपाध्यक्ष सुभाष खोखर और अपर गन्ना प्रबंधक अनिल कुमार ने भी संबोधित किया। उन्होंने किसानों को गन्ने की खेती की लागत कम करने के उपायों, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा पेड़ी गन्ने की उचित देखभाल के बारे में जानकारी दी। साथ ही बेहतर उत्पादन के लिए कृषि संबंधी तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
रामपुर जिला गन्ना समिति के अध्यक्ष विवेक पांडे ने भी किसानों को संबोधित करते हुए गन्ने की खेती में आधुनिक तकनीकों और बेहतर प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सचिव साहिब सिंह सत्यार्थी, सचिव केजी गौतम, हर मोहित कुमार, रमाकांत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
