खंड शिक्षाधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग, प्राथमिक शिक्षक संघ स्वार ब्लॉक इकाई ने विधायक शफीक अहमद अंसारी से की मुलाकात
स्वार/टांडा। 24 अक्टूबर 2026 रामपुर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की स्वार ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने विधायक शफीक अहमद अंसारी (34, स्वार-टांडा) से उनके रामपुर स्थित आवास पर मुलाकात कर खंड शिक्षाधिकारी बबीता सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मामले की फोरेंसिक जांच कराकर निष्पक्षता के साथ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक संबंधित तीनों शिक्षकों के खिलाफ प्रस्तावित या चल रही कार्रवाई पर रोक लगाई जानी चाहिए, ताकि जांच प्रभावित न हो और सभी पक्षों को निष्पक्ष सुनवाई का अवसर मिल सके।
संघ ने यह मुद्दा भी उठाया कि खंड शिक्षाधिकारी बबीता सिंह पिछले 16 वर्षों से मुरादाबाद मंडल में ही तैनात हैं। पदाधिकारियों ने उनका स्थानांतरण जनपद रामपुर और मुरादाबाद मंडल से बाहर किए जाने की मांग की।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रेश कुमार, ब्लॉक मंत्री मुहम्मद तनवीर, जिला उपाध्यक्ष सईदुज्जफर रहमानी, राकेश वर्मा, नफासत अली, अब्दुल रऊफ, मुस्तफा अली, ऋषिपाल सिंह और गोविंद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
