IMG-20261024-WA0080
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 24 Oct 2026 23:55 GMT+0530

कर्जमाफी और फसल मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, भाकियू अंबावता ने प्रधानमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन

रामपुर। 24 अक्टूबर 2026 भारतीय किसान यूनियन अंबावता के बैनर तले शनिवार को किसानों ने कर्जमाफी और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का पूरा मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट के निकट स्थित पार्क में एकत्र हुए। इसके बाद राष्ट्रीय प्रमुख उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

ज्ञापन में किसानों और मजदूरों का कर्ज माफ करने, ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का पूरा मुआवजा देने तथा कर्ज के कारण आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई। संगठन ने ऐसे परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और किसानों की आत्महत्या के मामलों में संबंधित तहसील, जिला व प्रदेश प्रशासन की जवाबदेही तय करने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग भी उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर नारेबाजी कर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान ‘किसानों की मजबूरी है, कर्जा माफ जरूरी है’ और ‘जो किसान की बात करेगा, वही देश पर राज करेगा’ जैसे नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एकता का संदेश देते हुए हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई एकता के समर्थन में भी नारे बुलंद किए।

पदाधिकारियों ने बताया कि 31 अक्टूबर को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल अंबावता के फार्म हाउस पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में किसानों की कर्जमाफी, फसल मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में राष्ट्रीय महासचिव शुऐब इजहार सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।