शादी के दूसरे दिन नवविवाहिता लापता, अल्ट्रासाउंड के बहाने ले जाने का आरोप, पति ने गांव के युवक और उसके परिजनों पर लगाया पत्नी को ले जाने का आरोप, पुलिस कर रही मामले की जांच
पटवाई/रामपुर। 25 अक्टूबर 2026 पटवाई थाना क्षेत्र में शादी के दूसरे दिन एक नवविवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। पति ने गांव के ही एक युवक और उसके परिवार के कुछ लोगों पर दर्द होने का बहाना बनाकर पत्नी को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए रामपुर ले जाने और फिर उसका कोई पता नहीं चलने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सिकरौल गांव निवासी दिनेश की शादी 18 अक्टूबर को क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद नवविवाहिता ससुराल में रही, लेकिन 20 अक्टूबर को उसके अचानक लापता होने की बात सामने आई। पति दिनेश का आरोप है कि जब वह घर पर मौजूद नहीं थे, तब उनकी पत्नी के गांव का एक युवक और उसके परिवार के कुछ लोग दर्द होने की बात कहकर उसे रामपुर में अल्ट्रासाउंड कराने के बहाने ले गए थे।
दिनेश के मुताबिक, रामपुर के अस्पताल में उसकी पत्नी की एंट्री तो हुई, लेकिन अल्ट्रासाउंड नहीं कराया गया। इसके बाद से पत्नी का कोई सुराग नहीं मिल रहा है। पति का कहना है कि पत्नी को साथ ले जाने वाले लोग भी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं।
मामले को लेकर थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
