IMG-20261025-WA0051
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Sun, 25 Oct 2026 23:47 GMT+0530

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर भोट थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस,

भोट/रामपुर। 25 अक्टूबर 2026 दिल्ली-नैनीताल हाईवे-87 पर भोट थाना क्षेत्र के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।

मृतक की पहचान मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के भजनपुरी गांव निवासी अंकुर पुत्र अवनीश के रूप में हुई है। बताया गया कि अंकुर रामपुर के ज्वालानगर क्षेत्र स्थित किटप्लाई में मजदूरी करता था। रविवार सुबह करीब आठ बजे वह किसी काम से बाइक पर सवार होकर बिलासपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान भोट थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

अंकुर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा है। वह परिवार में सबसे बड़ा था। बताया गया कि उसके तीन भाइयों में से एक की पहले ही मौत हो चुकी थी। अब इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जवान बेटे की मौत से पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की सूचना मिलने पर भोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।