मकान पर काम करते समय करंट लगने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम,
दड़ियाल में हादसा, रास्ते में तोड़ा दम; मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया
टांडा/रामपुर। 25 अक्टूबर 2026 दड़ियाल क्षेत्र में मकान पर काम करते समय बिजली का करंट लगने से मुवाना गांव निवासी 30 वर्षीय राजू की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पत्नी और दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, राजू दड़ियाल में एक मकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को टांडा अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राजू की शादी करीब चार साल पहले सदरपुर के बरवार तगड़ा गांव में हुई थी। उसके परिवार में तीन वर्षीय बेटी और दो वर्षीय बेटा है। वह अपने बड़े भाई रवि से छोटा था। कम उम्र में राजू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों के भविष्य को लेकर परिजन गहरे सदमे में हैं।
घटना की सूचना मृतक के बड़े भाई रवि ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेज दिया । पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
