IMG-20261026-WA0000
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Mon, 26 Oct 2026 00:07 GMT+0530

संजय कपूर के आवास पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, SIR रोकने की उठाई मांग

13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम काटने का आरोप; संजीव आर्य बोले—पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएं

रामपुर। 25 अक्टूबर 2026 पूर्व विधायक संजय कपूर के गांधी समाधि स्थित आवास पर रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पश्चिम उत्तर प्रदेश सह प्रभारी संजीव आर्य ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर रोक लगाने और प्रभावित पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में शामिल करने की मांग की।
संजीव आर्य ने बताया कि एक नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के तहत विभिन्न राज्यों की प्रारूप मतदाता सूचियों से बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल, हरियाणा और कर्नाटक के आलंद में मतदाता सूची से संबंधित कथित अनियमितताओं का भी जिक्र किया। कांग्रेस नेता ने इन मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग की।
संजीव आर्य ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, दोहरे पंजीकरण, ईवीएम-वीवीपैट और चुनावी आंकड़ों की पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान चलाएगी। इसके तहत बूथ स्तर पर वोट रक्षक नियुक्त करने, चौपाल आयोजित करने और लोगों को जागरूक करने की योजना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।