IMG-20261026-WA0082
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Mon, 26 Oct 2026 22:08 GMT+0530

टांडा में बाल श्रम के खिलाफ छापेमारी, छह बच्चे मुक्त, होटल, ढाबों और कारखानों में चलाया अभियान,

संचालकों को दी गई सख्त चेतावनी

टांडा/रामपुर। 26 अक्टूबर 2026 बाल श्रम पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने टांडा क्षेत्र के विभिन्न होटलों, ढाबों और कारखानों में छापेमारी की। इस दौरान छह बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम निषेध कानूनों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

अभियान में जिला चाइल्ड हेल्पलाइन, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), श्रम विभाग और बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधि शामिल रहे। मुक्त कराए गए बच्चों के संबंध में आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सीय प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को बताया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना प्रतिबंधित है, जबकि 14 से 18 वर्ष के किशोरों को खतरनाक कार्यों में लगाना कानूनन अपराध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अभियान के दौरान मानव तस्करी, बाल विवाह और महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम की रोकथाम और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान एएचटीयू से सत्यप्रकाश, श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवेंद्र सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी निजामुद्दीन और शिवम सिंह मौजूद रहे।