वैश्य महासभा के डांडिया उत्सव में महिलाओं ने जमकर किया नृत्य, प्रतियोगिताएं, खेल और स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र,
बिलासपुर। 26 अक्टूबर 2026 अखिल भारतीय सर्व वैश्य एकता महासभा के महिला प्रकोष्ठ की ओर से सोमवार को नैनीताल हाईवे स्थित जीरो पॉइंट के निकट एक होटल परिसर में डांडिया उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आरएसएस की विभाग संयोजिका निवेदिता मित्तल ने मां अंबी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उत्सव में नृत्यांगना नित्या जैन की प्रस्तुति तथा पूर्वी और आरोही के साथ उनकी नृत्य जुगलबंदी आकर्षण का केंद्र रही। इसके बाद महिलाओं ने करीब डेढ़ घंटे तक सामूहिक डांडिया नृत्य किया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बच्चों के स्टॉल और गेम स्टेशन भी आकर्षण का केंद्र रहे।
महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रियंका अग्रवाल ने बताया कि यह उत्सव प्रतिवर्ष नवरात्र के बाद करवा चौथ और दीपावली के स्वागत के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक मंत्री इशिका अग्रवाल और दीपिका अग्रवाल ने किया। इस दौरान स्फूर्ति जैन, करुणा अग्रवाल, प्रेक्षा अग्रवाल सहित सौ से अधिक सदस्याएं मौजूद रहीं। अंत में सभी ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
