अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने का जताया भरोसा, किसानों को मुआवजा देने की मांग
होर्डिंग में फोटो न होने से फर्क नहीं पड़ता, लोगों के दिलों में रहते हैं: मोहिबुल्लाह नदवी
रामपुर। 26 अक्टूबर 2026 रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि अखिलेश यादव के दौरे से जुड़े होर्डिंग्स में उनकी तस्वीर न होने से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि वह लोगों के दिलों में रहते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एकजुट है और अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
संत शिरोमणि गेस्ट हाउस में बातचीत के दौरान सांसद ने बिलासपुर क्षेत्र के दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस मुद्दे को उन्होंने संसद में भी उठाया है।
उन्होंने जिला प्रशासन से फसल नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराकर सभी प्रभावित किसानों को जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक एक हजार किसानों के खातों में करीब 83 लाख रुपये भेजे जा चुके हैं, जबकि शेष किसानों के नुकसान का सत्यापन जारी है।
