आजम खां की दो मामलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी, अगली तारीखें तय, जमीन पर कब्जे के आरोपों से जुड़े मामलों में हुई सुनवाई
रामपुर। 27 अक्टूबर 2026 समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रामपुर जिला कारागार में बंद मोहम्मद आजम खां मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुए। रामपुर की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में दोनों मामलों की सुनवाई हुई। अदालत ने एक मामले में 31 अक्टूबर और दूसरे में 12 नवंबर 2026 की अगली तारीख निर्धारित की है।
पहला मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बेरियान निवासी नन्हे की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के आधार पर 17 अगस्त 2022 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप था कि डूंगरपुर प्रकरण में आजम खां के खिलाफ गवाही देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में विचाराधीन इस मामले में तत्कालीन शहर कोतवाली प्रभारी एवं विवेचक रहे सेवानिवृत्त निरीक्षक गजेंद्र पाल त्यागी की गवाही दर्ज हो चुकी है। मंगलवार को सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 31 अक्टूबर 2026 तय की।
दूसरा मामला जौहर यूनिवर्सिटी के लिए आलियागंज के 26 किसानों की जमीन पर कब्जा करने के आरोपों से संबंधित है। इस मामले में भी आजम खां की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 12 नवंबर 2026 निर्धारित की।
दोनों मामलों में आजम खां ने जेल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत की कार्यवाही में हिस्सा लिया।
