27102026
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Wed, 28 Oct 2026 01:50 GMT+0530

पदोन्नति की मांग को लेकर बीएसए कार्यालय पहुंचे शिक्षक

बुधवार को अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने का आश्वासन

रामपुर। 27 अक्टूबर 2026 शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में देरी से नाराज विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने मंगलवार को बीएसए कार्यालय पहुंचकर जल्द पदोन्नति पूरी कराने की मांग उठाई। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने बुधवार को अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने का आश्वासन दिया।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि शासन ने सात नवंबर तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं, जबकि अंतिम वरिष्ठता सूची 23 अक्टूबर तक जारी होनी थी। निर्धारित समय बीतने के बावजूद सूची जारी न होने से शिक्षकों में असमंजस और नाराजगी है। उन्होंने प्रक्रिया में तेजी लाकर समयसीमा के भीतर पदोन्नति पूरी कराने की मांग की।
इस दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल, जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष रवेन्द्र गंगवार, संजीव चंदेल, वसीम अहमद और एससी-एसटी वेलफेयर टीचर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राम बहादुर गौतम सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।