बिलासपुर में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम,
आयुष और प्रिंस बने व्यक्तिगत चैंपियन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
बिलासपुर/रामपुर। 27 अक्टूबर 2026 गुरुनानक इंटर कॉलेज बिलासपुर में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा एवं शैक्षिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार, प्रधानाचार्य सुखदेव सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार, ब्लॉक व्यायाम शिक्षिका बबीता सिंह और प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि कुलवंत सिंह औलख ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर बालक-बालिका वर्ग की दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और योग सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्राथमिक स्तर के बालक वर्ग में बेरखेड़ी मझरा के आयुष और बालिका वर्ग में गोकुल नगरी की कानावाला ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल की। उच्च प्राथमिक स्तर के बालक वर्ग में सुभाष नगर के प्रिंस और बालिका वर्ग में खेमरी की अनन्या व्यक्तिगत चैंपियन बनीं।
उच्च प्राथमिक बालक वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में प्रिंस, 400 मीटर में अमित (सिसौना), लंबी कूद में शिवम सागर और गोला फेंक में कुणाल (सुभाष नगर) प्रथम रहे। खो-खो में धुरियाई, कबड्डी में कुर्थिया और वॉलीबॉल में खोदलपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में 100 मीटर दौड़ में खेमरी की अनन्या, 200 मीटर में हमीदाबाद की सरिता, 400 मीटर में सुभाष नगर की सोनी देवी और लंबी कूद में महेशपुरा की अरीबा प्रथम रहीं।
प्राथमिक बालक वर्ग में 50 मीटर दौड़ में महेशपुरा के फरमान, 100 और 200 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में बेरखेड़ी मझरा के आयुष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो-खो में गोकुल नगरी, कबड्डी में सिकरोड़ा और योग में मुलाखेड़ा के प्रतिभागी विजेता रहे।
प्राथमिक बालिका वर्ग में 50 मीटर दौड़ में हमीदाबाद की सृष्टि, 100 और 200 मीटर में गोकुल नगरी की कानावाला तथा लंबी कूद में भैंसिया की रोजिया प्रथम रहीं। खो-खो में गोकुल नगरी और कबड्डी में कुर्थिया की टीम विजेता बनी।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह नगर पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने किया। कार्यक्रम का संचालन ललित कुमार, राहुल भारद्वाज और नितिन राजपूत ने किया। प्रतियोगिता में जिला व्यायाम शिक्षक सलीम मियां सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। खेल स्पर्धाओं में मीनू सिंह, संदीप कौर, नरेंद्र सिंह सहित अन्य खेल अनुदेशकों ने निर्णायक एवं आयोजन संबंधी जिम्मेदारियां निभाईं। फोटोग्राफी और मीडिया कवरेज सैयद अफाक हुसैन ने किया।
