27102026
BY: मुस्तफा अली सैफी   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Wed, 28 Oct 2026 02:03 GMT+0530

स्काउट-गाइड शिविर में टेंट पिचिंग और बिना बर्तनों के बनाया भोजन, कमल टोली प्रथम, चीता टोली द्वितीय और बाज टोली तृतीय स्थान पर रही

 

शाहबाद/रामपुर। 27 अक्टूबर 2026 भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर की बेसिक शिक्षा परिषद के तत्वावधान में संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय नरखेड़ा, शाहबाद में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों ने टेंट पिचिंग, फूड प्लाजा में बिना बर्तनों के भोजन निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिविर में जिला स्काउट मास्टर भुजवीर सिंह, जिला गाइड कैप्टन निदा खुशनूद और जिला बुलबुल आयुक्त कुशल राणा ने विद्यार्थियों को स्काउटिंग का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान ध्वज शिष्टाचार, मार्च पास्ट, सैल्यूट, स्काउट प्रार्थना, प्रतिज्ञा, नियम, झंडा गीत, बाएं हाथ से अभिवादन, प्राथमिक चिकित्सा, विभिन्न प्रकार के स्ट्रेचर व मीनार बनाना, गांठें एवं बंधन, शिविर निर्माण और सामाजिक सेवा से संबंधित जानकारी दी गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी शाहबाद की प्रतिनिधि एआरपी मुईन मियां मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर प्रथम समीना तथा अतिथि रविंद्र पाल सिंह और प्रणव कुमार रहे। अतिथियों का स्कार्फ पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों ने विभिन्न टोलियों के शिविरों का निरीक्षण किया, जिसमें कमल टोली ने प्रथम, चीता टोली ने द्वितीय और बाज टोली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जिला गाइड कैप्टन निदा खुशनूद ने विद्यार्थियों को स्काउटिंग का महत्व बताते हुए कहा कि इससे जीवन में अनुशासन, चरित्र निर्माण और सेवा भावना विकसित होती है। ये गुण विद्यार्थियों को अच्छा नागरिक बनने में मदद करते हैं और अच्छे नागरिक ही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रधानाध्यापिका सुनीता रानी ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन सृष्टि गुप्ता ने किया, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम रश्मि चौहान, अनीता रानी और बीना भारती के निर्देशन में प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर सुनीता रानी, भुजवीर सिंह, निदा खुशनूद, मुईन मियां, रविंद्र पाल सिंह, प्रणव कुमार, अनीता रानी, सृष्टि गुप्ता, रश्मि चौहान, बीना भारती सहित स्काउट एवं गाइड मौजूद रहे।