27102026
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: मोहम्मद राशिद सैफीPUBLISHED: Wed, 28 Oct 2026 02:07 GMT+0530

शिक्षक संगठनों ने उठाई पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग, 28 अक्टूबर तक अंतिम वरिष्ठता सूची जारी होने की उम्मीद,

सात नवंबर तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य

 

रामपुर। 27 अक्टूबर 2026 शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग को लेकर मंगलवार को विभिन्न शिक्षक संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से मुलाकात कर वार्ता की। इस दौरान वरिष्ठता सूची जारी करने और शासन के निर्देशों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी कराने पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया गया कि वरिष्ठता सूची 28 अक्टूबर 2026 तक जारी होने की उम्मीद है। बीएसए ने बुधवार तक सूची जारी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सात नवंबर तक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी किए जाने का लक्ष्य है।
पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने पर प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक और प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति का रास्ता साफ होगा। शिक्षक संगठनों ने इसे शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ (अखिल भारतीय) के जिलाध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल, जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष रवेंद्र कुमार गंगवार, एससी/एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राम बहादुर गौतम, जिला महामंत्री सुनील कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. वसीम अहमद सहित मुनेन्द्र प्रताप सिंह, राजाराम, सुरेश कुमार, योगेश कुमार और आनंद भंडारी समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने बीएसए का आभार जताते हुए पदोन्नति प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी कराने की मांग की।