27102026
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Thu, 29 Oct 2026 00:16 GMT+0530

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक, साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

क्षेत्राधिकारी हर्षिता सिंह ने महिला महाविद्यालय जामिनगंज नखियाई में महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति किया जागरूक

 

स्वार/रामपुर। 28 अक्टूबर 2026 मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत बुधवार को महिला महाविद्यालय जामिनगंज नखियाई में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी स्वार हर्षिता सिंह और थाना स्वार की महिला सुरक्षा दल ने छात्राओं एवं महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी हर्षिता सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन और पुलिस की सहायता लेनी चाहिए।
छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें महिला शक्ति हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन पुलिस सहायता 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं को पंपलेट, कॉमिक्स और अन्य जागरूकता सामग्री भी वितरित की। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना रहा।