विशेष TET परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को विशेष अवकाश देने की मांग
एससी-एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को सौंपा मांग पत्र
रामपुर। 28 अक्टूबर 2026 विशेष TET परीक्षा में शामिल होने वाले जनपद के सेवारत शिक्षकों को विशेष अवकाश दिए जाने की मांग उठाई गई है। एससी-एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन, रामपुर ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तीन नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा में सम्मिलित होने वाले शिक्षकों को विशेष अवकाश प्रदान करने का अनुरोध किया है।
संगठन ने पत्र में बताया कि कई शिक्षकों के परीक्षा केंद्र दूर-दराज के जनपदों में आवंटित हुए हैं, जिसके चलते उन्हें परीक्षा से एक दिन पहले ही यात्रा करनी पड़ सकती है। ऐसे में परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने और बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल होने के लिए विशेष अवकाश आवश्यक है।
संगठन के जिला अध्यक्ष राम बहादुर गौतम और महामंत्री सुनील कुमार ने जिलाधिकारी से शिक्षक हित एवं परीक्षा की महत्ता को ध्यान में रखते हुए संबंधित शिक्षकों को विशेष अवकाश देने की मांग की है।
