सैफनी में छह दिवसीय उर्स-ए-मुबारक का होगा आयोजन, 2 नवंबर से शुरू होंगी महफिलें
हजरत शेख भूरे शाह मियां रहमतुल्लाह अलैह के सालाना उर्स की तैयारियां पूरी, 7 नवंबर को कुल शरीफ के साथ होगा समापन
सैफनी। 28 अक्टूबर 2026 नगर पंचायत सैफनी में हजरत शेख भूरे शाह मियां रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स-ए-मुबारक 2 नवंबर से 7 नवंबर 2026 तक अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। उर्स के दौरान विभिन्न तारीखों में महफिल-ए-समा, कव्वाली और अन्य रूहानी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उर्स को लेकर इंतजामिया की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
उर्स के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 2 नवंबर को बरोज सोमवार नमाज-ए-मगरिब के बाद मिलाद शरीफ और नमाज-ए-इशा के बाद जलसा -ए-सीरत-ए-औलिया का आयोजन होगा।
3 नवंबर बरोज मंगलवार को नमाज-ए-इशा के बाद महफिल-ए-समा और कव्वाली की महफिल सजेगी। इसमें बिजनौर के साजिद साजन साबरी और पीलीभीत के मासूम सुल्तानी कव्वाल कलाम पेश करेंगे।
4 नवंबर बरोज बुधवार को महफिल-ए-समा और कव्वाली का आयोजन किया जाएगा। इसमें कव्वाल आसिफ मलिक साबरी और नईम साबरी कलाम पेश करेंगे।
5 नवंबर बरोज जुमेरात को नमाज-ए-इशा के बाद महफिल-ए-समा और कव्वाली होगी। इसमें पुरनपुर के अरशद कामली, सेदपुर बदायूं के तस्नीम आरिफ और कव्वाल छोटे चांद कादरी अपने कलाम पेश करेंगे।
6 नवंबर बरोज जुमा को भी नमाज-ए-इशा के बाद महफिल-ए-समा और कव्वाली की महफिल आयोजित होगी। इसमें बिलारी के रईस झनकार साबरी, कव्वाल ताहिर चिश्ती और अलीगढ़ के गुलाम हबीब पेंटर अपने कलाम से सामईन को समाअत करेंगे।
उर्स का समापन 7 नवंबर बरोज शनिवार को कुल शरीफ के साथ होगा। सुबह सादिक के समय 3 बजकर 38 मिनट पर होगा।
उर्स के मुन्तजिमीन ने जायरीन और अकीदतमंदों से उर्स में शिरकत कर फैज हासिल करने की अपील की है। यह आयोजन इंतजामिया कमेटी दरगाह हजरत शेख भूरे शाह मियां रहमतुल्लाह अलैह, नगर पंचायत सैफनी, रामपुर की ओर से कराया जा रहा है।
