रबी सीजन में खाद की किल्लत नहीं होने देंगे, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की मौजूदगी में उर्वरकों की उपलब्धता,
रामपुर/लखनऊ। 29 अक्टूबर 2026 आगामी रबी सीजन में किसानों को उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कृषि निदेशालय, लखनऊ में कृषि एवं सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की गरिमामयी उपस्थिति में हुई बैठक में डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रदेश के सभी जनपदों में किसानों की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। पीसीएफ एवं पीसीयू के बफर स्टॉक की स्थिति की समीक्षा करते हुए सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उर्वरकों की कमी के कारण किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। रबी सीजन के दौरान उर्वरकों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव कृषि एम.के. शनमुगा सुंदरम, प्रमुख सचिव सहकारिता अजय शुक्ला, रजिस्ट्रार सहकारिता कुमार प्रशांत, प्रबंध निदेशक पीसीएफ नीरज शुक्ला, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी, अपर निबंधक सहकारिता विनोद पटेल तथा संयुक्त निदेशक उर्वरक हरेंद्र मिश्र सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
