27102026
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Fri, 30 Oct 2026 05:47 GMT+0530

शादी से दो दिन पहले सड़क हादसे में बुझ गया घर का चिराग, ट्रक-ट्राला की टक्कर से युवक की मौत

बाजार से शादी की खरीदारी कर बाइक से लौट रहा था 20 वर्षीय आलम, समाजसेवी ने पीछा कर चालक समेत ट्रक पकड़ा

मसवासी/रामपुर। 29 अक्टूबर 2026 मसवासी चौकी क्षेत्र के बिजारखाता में गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपनी शादी की खरीदारी करने बाजार आया था। हादसे के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की दो दिन बाद शादी होनी थी।
जानकारी के अनुसार, गागन नगली निवासी अमीर अहमद उर्फ छोटे का बेटा मोहम्मद आलम गुरुवार दोपहर सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था। बिजारखाता के पास बाजपुर की ओर से स्वार जा रहे एक ट्रक-ट्राला ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में आलम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक-ट्राला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसी दौरान मौके पर मौजूद समाजसेवी एवं लैब संचालक अविनाश कुमार मौर्य ने कार से उसका पीछा किया और स्वार के पास चालक समेत ट्रक-ट्राला को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी चालक और वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में दो दिन बाद शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।