27102026
BY: विशेष संवाददाता   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Fri, 30 Oct 2026 05:54 GMT+0530

रामपुर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

खंडहर में चल रहा था हथियार बनाने का काम, बने और अधबने तमंचे-बंदूकें बरामद; एक आरोपी फरार

 

रामपुर। 29 अक्टूबर 2026 सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शिवापुरम स्थित एक खंडहर में अवैध हथियार बनाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सिविल लाइंस पुलिस और एसओजी समेत विभिन्न टीमों की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। पुलिस ने मौके से बने और अधबने तमंचे, बंदूकें, कारतूस तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। एसपी और एएसपी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीर सिंह पुत्र रामलाल निवासी खिमौतिया खेड़ा और बनवारी लाल पुत्र लाखन सिंह निवासी खिमौतिया बख्ती, थाना अजीमनगर, रामपुर के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी शाहिद पुत्र अब्दुल वाहिद निवासी पिपलिया जट, थाना मिलकखानम बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मौके से एक सिंगल बैरल बंदूक (12 बोर), दो देसी राइफल (315 बोर), एक अधबनी बंदूक और 12 व 315 बोर के आठ तमंचे बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 12 जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, ड्रिल मशीन और ग्राइंडर समेत अन्य सामान भी मिला है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध हथियार तैयार कर फरार शाहिद के माध्यम से बेचते थे और इससे धन अर्जित करते थे। मामले में थाना सिविल लाइंस पर मुकदमा संख्या 460/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 5/25 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसौदिया के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।