पिता को खेत पर रोटी पहुंचाने जा रहा 14 वर्षीय बालक वाहन की टक्कर से घायल
चंदौसी की ओर से आ रहे चार पहिया वाहन ने साइकिल में मारी टक्कर, परिजनों ने कोतवाली में दी तहरीर
शाहबाद। 29 अक्टूबर 2026 ग्राम करेथी निवासी जितेंद्र का 14 वर्षीय पुत्र गोविंद अपने पिता को खेत पर खाना पहुंचाने जाते समय मार्ग दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गोविंद दोपहर करीब 12 बजे साइकिल से घर से खेतों की ओर जा रहा था। जैसे ही वह चौराहे के पास पहुंचा, तभी चंदौसी की ओर से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गोविंद साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया। परिजनों के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
