फिनलैंड के राजदूत ने रामपुर की युवा उद्यमी के प्रयासों की सराहना की
श्रिया सक्सेना ने भारतीय खुशबुओं को आधुनिक परफ्यूम तकनीक से जोड़ने की दिशा में किया काम, नवेद मियां ने दी बधाई
रामपुर। स्थानीय प्रतिभाओं और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों के बीच रामपुर की युवा उद्यमी श्रिया सक्सेना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहन मिला है। फिनलैंड के राजदूत मिको किविकोस्की ने उनके उद्यम के बारे में जानकारी प्राप्त की और उनके प्रयासों की सराहना की।
श्रिया सक्सेना ने रामपुर स्थित श्रिया इंडस्ट्रीज के माध्यम से परफ्यूम निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा है। उनका उद्देश्य भारतीय जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक वनस्पतियों से प्रेरित खुशबुओं को आधुनिक फ्रेंच परफ्यूम निर्माण तकनीकों के साथ जोड़ना है। उनके उद्यम के तहत Eau de Parfum श्रेणी के उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
फिनलैंड के राजदूत की सकारात्मक प्रतिक्रिया को श्रिया सक्सेना के उद्यमशीलता प्रयासों के लिए प्रोत्साहन के रूप में देखा जा रहा है। इससे रामपुर की स्थानीय प्रतिभाओं को व्यापक पहचान मिलने की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
रामपुर के अंतिम शासक नवाब रजा अली खां के पौत्र एवं पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने श्रिया सक्सेना को बधाई देते हुए उनके प्रयासों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। ऐसे प्रयास भारतीय उद्यमिता को नई पहचान दिलाने में सहायक हो सकते हैं।
वहीं, इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (INTACH) के रुहेलखंड चैप्टर के सह-संयोजक काशिफ खां ने भी श्रिया सक्सेना के प्रयासों की सराहना की और इसे रामपुर के लिए गर्व का विषय बताया।
रामपुर की युवा उद्यमी का यह प्रयास स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और नए व्यवसायों की संभावनाओं को दर्शाता है।
