नगर पालिका कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग, अब्दुल राष्ट्रवादी फ्रंट ने दी आंदोलन की चेतावनी
नगर पालिका अध्यक्ष सना मामून से मिले प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारी अफजल समीर पर लगाए रिश्वतखोरी और अभद्र व्यवहार के आरोप
रामपुर। 30 अक्टूबर 2026 अब्दुल राष्ट्रवादी फ्रंट के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सना मामून से मुलाकात कर पालिका कर्मचारी अफजल समीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारी पर भ्रष्टाचार, रिश्वत लेने और सोशल मीडिया पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए अब तक कार्रवाई न होने पर सवाल खड़े किए।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का कहना था कि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उसके कथित अभद्र व्यवहार से जुड़े वीडियो प्रसारित होने की बात कही गई। इसके बावजूद अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि कर्मचारी को किसका संरक्षण प्राप्त है और शिकायतों के बाद भी उसे पद पर क्यों बनाए रखा गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा उसे हटाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो अब्दुल राष्ट्रवादी फ्रंट बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस दौरान फसाहत अली खान शानू, इरशाद महमूद, सय्यद मुबशशिर मियां, शावेज खान और विक्की राज एडवोकेट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
