IMG-20261031-WA0004
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 31 Oct 2026 07:34 GMT+0530

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलेगा विशेष अभियान, ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश

2 से 30 नवंबर तक चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान, स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली से होगा शुभारंभ

रामपुर। 30 अक्टूबर 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जनपद में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्यवाही कर उनकी संख्या कम करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कदम उठाएं। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के प्रयोग के प्रति जागरूक करने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को पीएम राहत कोष योजना के माध्यम से उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने तथा घायलों की मदद करने वाले नेक नागरिकों (गुड सेमेरिटन) के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बिना पंजीकरण संचालित ई-रिक्शाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।

बैठक में यातायात अधिकारी ने बताया कि जनपद में 2 नवंबर से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 2 नवंबर को अंबेडकर पार्क से स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली निकालकर किया जाएगा। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया जाएगा। पूरे माह विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।