त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई, 480 किलो कुट्टू का आटा नष्ट कराया
शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत अक्टूबर में लिए गए 33 खाद्य पदार्थों के नमूने, 28 हजार रुपये का पूजा घी और तिल का तेल सीज
रामपुर। 30 अक्टूबर 2026 आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के दौरान अक्टूबर माह में अब तक विभिन्न खाद्य पदार्थों के 33 नमूने संग्रहित किए गए हैं। वहीं, अधोमानक गुणवत्ता का 480 किलोग्राम कुट्टू का आटा नष्ट कराया गया है, जबकि करीब 28 हजार रुपये मूल्य का पूजा घी एवं तिल का तेल सीज किया गया है।
विभाग की टीमों ने अभियान के तहत कुट्टू का आटा, साबूदाना, तिल का तेल, रिफाइंड ऑयल, मिश्रित दूध, पूजा घी और छेना मिठाई समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इसके साथ ही मिठाई की दुकानों तथा खोया-पनीर सहित त्योहारों में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री के निर्माण स्थलों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।
खाद्य कारोबारियों को भी खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्हें खाद्य पदार्थों में अनावश्यक एवं अधिक मात्रा में रंगों का इस्तेमाल न करने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
