दो दिन में आवारा कुत्तों ने दो बच्चों पर किया हमला, गांव में दहशत
बागरौआ गांव में पांच वर्षीय बच्ची को कुत्तों के झुंड ने किया घायल
रामपुर। 30 अक्टूबर 2026 ताराजी नगर क्षेत्र के बागरौआ गांव में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। महज दो दिनों के भीतर कुत्तों के झुंड ने दो बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे गांव निवासी हाफिज सगीर की पांच वर्षीय बेटी आयशा नूर घर के पास स्थित जनरल स्टोर से चॉकलेट लेने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. इमरान ने भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया।
ग्रामीणों के मुताबिक, इससे एक दिन पहले गुरुवार को गांव निवासी आरिफ के 10 वर्षीय बेटे असद पर भी आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया था। उस समय बच्चा अपने घर के सामने खड़ा था। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने गांव में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने में भी डर लगने लगा है। उन्होंने प्रशासन से गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनके हमलों पर रोक लगाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। घायल बच्ची के पिता हाफिज सगीर ने बताया कि अब ग्रामीण इस मामले में संबंधित अधिकारियों को सामूहिक रूप से शिकायत देकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
