IMG-20261031-WA0014
BY: मोहम्मद राशिद सैफी   |   EDITED BY: ब्यूरो चीफPUBLISHED: Sat, 31 Oct 2026 08:34 GMT+0530

दहेज की मांग को लेकर गर्भवती विवाहिता से मारपीट, गला घोंटने और सर्फ पिलाने का आरोप, कोठाजागीर गांव में शुक्रवार तड़के हुई घटना,

पीड़िता के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने मायके पक्ष को दी सूचना; पुलिस ने सीएचसी में कराया उपचार और मेडिकल परीक्षण

बिलासपुर। 30 अक्टूबर 2026 कोतवाली क्षेत्र के कोठाजागीर गांव में दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने गर्भवती विवाहिता के साथ मारपीट की। इस दौरान पति ने दुपट्टे से गला घोंटने और वाशिंग पाउडर (सर्फ) का घोल पिलाने का भी प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी डॉली (20) की शादी करीब एक वर्ष पहले महेंद्र के साथ हुई थी। वह वर्तमान में गर्भवती है। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। पीड़िता के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने गांव में ही रहने वाले उसके मायके पक्ष को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पिता जितेंद्र और मां अंजलि मौके पर पहुंचे तथा बेटी को अपने साथ लेकर कोतवाली पहुंचे।

पीड़िता के पिता ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए आए दिन प्रताड़ित करने तथा जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण कराया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।