संपूर्ण समाधान दिवस में 12 शिकायतें पहुंचीं, तीन का मौके पर निस्तारण
शाहाबाद। तहसील परिसर में शनिवार को एडीएम प्रशासन पुष्पेंद्र पटेल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न समस्याओं से संबंधित 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
एडीएम प्रशासन पुष्पेंद्र पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके।
इस मौके पर एसडीएम आदेश कुमार, सीओ देवकीनंदन, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सचिन कुमार, कोतवाल धनंजय सिंह, बीडीओ धीरेन्द्र सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
